गुणों से भरा गुड़

Body and Health

गुड़ को हम यूँ ही गुणकारी नहीं कहते, गुड़ अनेक गुणों से भरा हुआ है। इसे हम नेचुरल मिठाई के नाम से भी जानते हैं। लेकिन आपने सुना होगा कि मिठाई सेहत के लिए ठीक नहीं है, पर गुड़ के लिए ऐसा नहीं है। गुड़ खाने के अनेकों लाभ हैं। हालाँकि, किसी भी चीज को संतुलित मात्रा में लिया जाये, तभी तक वह लाभकारी है। गुड़ के लिए भी यह शर्त लागू होता है, यानी जरूरत से ज्यादा गुड़ भी नुकसान करता है।

वैसे तो गुड़ कई तरीकों से बनता है, लेकिन आज हम बात करेंगे गन्ने के रस से बने गुड़ की। गुड़ को सर्दियों का पावर बूस्टर भी कहते हैं। गुड़ का सेवन यदि इस मौसम में करें, तो यह शरीर में गर्माहट प्रदान करता है, शरीर में हीमोग्लोबिन की मात्रा को बढ़ाता है तथा शारीरिक ऊर्जा या श्रम करने की क्षमता में भी वृद्धि करता है। अत्यधिक काम के बाद अगर थकान महसूस हो, तो थोड़ा सा गुड़ खा कर पानी पी लीजिए, आपको थकान कुछ कम लगेगी। अच्छी नींद के लिए भी गुड़ का सेवन किया जा सकता है।

यही नहीं, पाचन शक्ति को भी बढ़ाता है गुड़। आज कल जोड़-दर्द या हड्डी में दर्द की समस्या आम बात हो गयी है। यह किसी भी उम्र में हो सकती है। तो इस तरह की परेशानियों से जूझ रहे लोगों के लिए भी गुड़ बहुत फायदेमंद है, क्योंकि गुड़ में फॉस्फोरस के साथ-साथ कैल्शियम भी पाया जाता है, जो हड्डी को मजबूत बनाने के साथ-साथ जोड़-दर्द की समस्या का समाधान भी है। यदि सर्दियों में गुड़ के साथ अदरक का सेवन किया जाये, तो विशेष लाभ मिलता है। यही नहीं, गुड़ शरीर में आयरन की कमी को भी दूर करता है। वैसे तो आयरन के कई अन्य स्रोत भी हैं, लेकिन गुड़ में आयरन प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। महिलाओं के लिए गुड़ रामबाण औषधि के रूप में कार्य करता है। सर्दी-जुकाम में भी गुड़ और अदरक कूट कर इसे पका कर खाने से विशेष लाभ मिलता है।

इस तरह आपने देखा कि अनेक गुणों से युक्त है गुड़। तो फिर अगली बार मिलते हैं आपकी ही रसोई में मिलने वाली एक और औषधि के साथ। तब तक गुड़ खायें और अपने जीवन में मिठास बरकरार रखें। घर पर रहें, सुरक्षित रहें।

स्मृति

 

(आवरण चित्र- वैष्णवी तिवारी)

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry