राष्ट्रपति भवन के दरबार हाल में आयोजित होने वाले एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2021 के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किया। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार हर साल खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिए प्रदान किये जाते हैं। कुल 12 खिलाड़ियों को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार दिया गया, जिनमें तीन महिला खिलाड़ी शामिल हैं। ये हैं- क्रिकेट से मिताली राज (Mithali Raj), मुक्केबाजी से लवलीना बोरगोहेन (Lovlina Borgohain) और निशानेबाजी से अवनि लेखड़ा (Avani Lekhara)। पहले इस पुरस्कार को राजीव गाँधी खेल रत्न पुरस्कार के नाम से जाना जाता था।
कुल 35 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिया गया। जिन महिला खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिया गया, वे हैं भावना पटेल (पैरा टेबल टेनिस), अंकिता रैना (टेनिस), सिमरनजीत कौर (मुक्केबाजी), भवानी देवी (तलवारबाजी), मोनिका (हॉकी), वंदना कटारिया (हॉकी) और हिमानी परब (मल्लखंब)।
‘मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार’ पिछले चार वर्षों की अवधि में खिलाड़ी द्वारा खेल के क्षेत्र में शानदार और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया जाता है। ‘खेल और स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार’ पिछले चार वर्षों की अवधि में अच्छे प्रदर्शन, नेतृत्व, खेल और अनुशासन की भावना दिखाने के लिए दिया जाता है। (लेडीज न्यूज टीम, 13 नवंबर 2021)
(आवरण चित्र केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के कार्यालय के ट्विटर खाते से साभार)
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad