युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने मंगलवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2021 की घोषणा की। 13 नवंबर 2021 (शनिवार) को शाम 4.30 बजे राष्ट्रपति भवन के दरबार हाल में आयोजित होने वाले एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद इन विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करेंगे। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार हर साल खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिए प्रदान किये जाते हैं।
कुल 12 खिलाड़ियों को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार दिया जायेगा, जिनमें तीन महिला खिलाड़ी शामिल हैं। ये हैं- मिताली राज (क्रिकेट), लवलीना बोरगोहेन (मुक्केबाजी) और अवनि लेखड़ा (निशानेबाजी)। पहले इस पुरस्कार को राजीव गाँधी खेल रत्न पुरस्कार के नाम से जाना जाता था।
कुल 35 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिया जाने वाला है। जिन महिला खिलाड़ियों का नाम इस सूची में हैं, वे हैं भावना पटेल (पैरा टेबल टेनिस), अंकिता रैना (टेनिस), सिमरनजीत कौर (मुक्केबाजी), भवानी देवी (तलवारबाजी), मोनिका (हॉकी), वंदना कटारिया (हॉकी) और हिमानी परब (मल्लखंब)।
‘मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार’ पिछले चार वर्षों की अवधि में खिलाड़ी द्वारा खेल के क्षेत्र में शानदार और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया जाता है। ‘खेल और स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार’ पिछले चार वर्षों की अवधि में अच्छे प्रदर्शन, नेतृत्व, खेल और अनुशासन की भावना दिखाने के लिए दिया जाता है। (लेडीज न्यूज टीम, 03 नवंबर 2021)
(आवरण चित्र लवलीना बोरगोहेन के ट्विटर खाते से साभार)
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad