मात्र सत्रह साल की एथलीट शैली सिंह ने रक्षा बंधन के दिन देश को बेहतरीन तोहफा दिया है। केन्या की राजधानी नैरोबी (Nairobi) में चल रहे वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर 20 चैंपियनशिप 2021 (World Athletics U20 Championship 2021) में लंबी कूद की खिलाड़ी शैली सिंह ने आज 6.59 मीटर की कूद के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया है।
इससे पहले 20 अगस्त को हुए क्वालिफाइंग राउंड में 6.40 मीटर की कूद के साथ शैली ने आज के फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। इस इवेंट में क्वालिफिकेशन मार्क 6.35 मीटर रखा गया था। इस 6.40 मीटर की कूद के साथ शैली ने क्वालिफाइंग राउंड में टॉप किया था।
सात जनवरी 2004 को जन्मी शैली उत्तर प्रदेश के झाँसी की रहने वाली हैं। आज की कूद से पहले शैली सिंह का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6.48 मीटर था, जो भारत में महिलाओं की लंबी कूद में अंडर 20 के स्तर पर राष्ट्रीय रिकॉर्ड है। लेकिन आज शैली ने इस प्रदर्शन को काफी पीछे छोड़ते हुए सिल्वर मेडल जीत लिया है।
साल 2018 के वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर 20 चैंपियनशिप्स में, जो फिनलैंड में आयोजित हुआ था, हिमा दास (Hima Das) ने 400 मीटर की दौड़ में गोल्ड मेडल जीता था। (लेडीज न्यूज टीम, 22 अगस्त 2021)
(आवरण चित्र एएफआई के ट्विटर से साभार)
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad