उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव पूरे हो चुके हैं और शनिवार शाम तक सारे नतीजे आ चुके हैं। नतीजों के मुताबिक प्रदेश के कुल 75 में से 40 जिलों में महिलाओं ने जिला पंचायत अध्यक्ष के तौर पर जीत हासिल की है। इनमें से आठ महिलाओं को तो यह जीत निर्विरोध मिली है। चालीस में से 36 महिलाएँ भारतीय जनता पार्टी की हैं, जबकि एटा, बागपत, प्रतापगढ़ और जौनपुर से अन्य दलों की महिलाओं को जीत हासिल हुई है। बागपत जिले से ममता, जौनपुर से श्रीकला रेड्डी, प्रतापगढ़ से माधुरी पटेल और एटा से रेखा यादव विजयी हुई हैं।
सबसे कम उम्र में जिला पंचायत अध्यक्ष बन कर सर्वाधिक सुर्खियाँ बटोर रही हैं बलरामपुर से जिला पंचायत अध्यक्ष बनी आरती तिवारी (Aarti Tiwari), जिनकी उम्र महज 21 साल है। इन्होंने बलरामपुर से यह जीत निर्विरोध हासिल कर सबको हैरान कर दिया है। आरती बलरामपुर के एमएलके पीजी कॉलेज में बीए थर्ड ईयर की छात्रा हैं और सामाजिक कार्यों में रुचि रखती हैं।

गाजीपुर से जिला पंचायत अध्यक्ष बनी हैं सपना सिंह, जबकि गोरखपुर से साधना सिंह को जीत हासिल हुई है। इसके अलावा, अयोध्या से रोली सिंह, सीतापुर से श्रद्धा सागर और अलीगढ़ से विजया को विजयश्री मिली है।
इस जीत से इन सभी के हौसले बुलंद हैं, लेकिन इन सभी को पता है कि असली चुनौती पद सँभालने के बाद सामने आने वाली है। (लेडीज न्यूज टीम, 04 जुलाई 2021)
(आवरण चित्र सपना सिंह के फेसबुक पेज से साभार, आरती तिवारी का चित्र कमलेश सिंह यादव के फेसबुक से साभार)
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad