भारतीय महिला हॉकी टीम की दिग्गज खिलाड़ी वंदना कटारिया (Vandana Kataria) इन दिनों मुंबई में हैं। वहाँ से उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर कॉमेडियन कपिल शर्मा के शो की कुछ तस्वीरें साझा की हैं।

वंदना ने फेसबुक पर लिखा, मनोरंजन और हँसी से भरी हुई यह शाम याद रहेगी। इसके बाद उन्होंने कपिल शर्मा और उनकी टीम को उन्हें वहाँ आमंत्रित करने के लिए धन्यवाद भी दिया है।

टोकियो ओलम्पिक्स (Tokyo Olympics) में पूल स्टेज के आखिरी मैच में, जो दक्षिण अफ्रीका के साथ खेला गया था, वंदना कटारिया ने तीन गोल दाग कर भारत की विजय सुनिश्चित की थी। इसी के साथ ओलम्पिक खेलों में हैट्रिक लगाने वाली वह पहली भारतीय महिला खिलाड़ी भी बन गयी थीं। इस मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 4-3 से हरा कर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया था।

15 अप्रैल 1992 को उत्तर प्रदेश के रोशनाबाद में जन्मी वंदना कटारिया राष्ट्रीय टीम में फॉरवर्ड की भूमिका निभाती हैं।

साल 2006 में भारत की जूनियर हॉकी टीम में इनका चयन हुआ और साल 2010 में यह सीनियर हॉकी टीम के लिए चुन ली गयीं। वंदना अब तक 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी हैं। (लेडीज न्यूज टीम, 26 अगस्त 2021)
(सभी चित्र वंदना कटारिया के फेसबुक खाते से साभार)
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad