उत्तर प्रदेश ने महिला हॉकी टीम को किया सम्मानित, सभी खिलाड़ियों को दिये 50-50 लाख रुपये

Colours of Life

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में भारतीय महिला हॉकी टीम को सम्मानित किया। उन्होंने टोकियो ओलम्पिक्स में टीम के बेहतरीन खेल की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

महिला हॉकी टीम की सभी 19 खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से 50-50 लाख रुपये दिये गये, जबकि इस टीम के विभिन्न कोच और अन्य स्टॉफ को 10-10 लाख रुपये दिये गये।

इसके बाद कप्तान रानी रामपाल ने भी ट्विटर के माध्यम से उत्तर प्रदेश का आभार व्यक्त किया है। रानी ने लिखा, इतने शानदार स्वागत और सम्मान के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के प्रति हम आभारी हैं। उत्साह बढ़ाने और प्रेरणा देने के लिए एक बार फिर से सभी का धन्यवाद।

टोकियो ओलम्पिक्स (Tokyo Olympics) में छह अगस्त को कांस्य पदक के लिए खेले गये मुकाबले में ग्रेट ब्रिटेन ने भारतीय महिला हॉकी टीम को 4-3 से हरा दिया था। भले ही टोकियो ओलम्पिक्स में भारतीय महिलाओं को कोई पदक नहीं मिला, लेकिन पहली बार ओलम्पिक के सेमीफाइनल में पहुँचना भी छोटी उपलब्धि नहीं मानी जायेगी।

इससे पहले चार अगस्त को खेले गये सेमीफाइनल में अर्जेन्टीना ने भारत को 2-1 से हरा दिया था। ऐसे में भारत को कांस्य पदक के लिए मैच में ग्रेट ब्रिटेन का सामना करना पड़ा। दो अगस्त को खेले गये क्वार्टरफाइनल मैच में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया की टीम को 1-0 से हरा कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। इस जीत के साथ ओलम्पिक खेलों के इतिहास में पहली बार भारतीय महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में पहुँची थी। (लेडीज न्यूज टीम, 20 अगस्त 2021)

(आवरण चित्र रानी रामपाल के ट्विटर खाते से साभार)

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *