टोकियो पैरालम्पिक्स (Tokyo Paralympics) में भाविना पटेल (Bhavina Patel) पैरा टेबल टेनिस महिला एकल व्हीलचेयर वर्ग 4 श्रेणी के फाइनल में पहुँच गयी हैं। ऐसा पहली बार हुआ है जब भारत की कोई महिला पैरालम्पिक्स खेलों में टेबल टेनिस के महिला एकल के फाइनल में पहुँची है।
प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस जीत पर भाविना को बधाई दी है। ट्विटर पर प्रधान मंत्री ने लिखा, बहुत-बहुत बधाई भाविना पटेल! आपने शानदार प्रदर्शन किया। पूरा देश आपकी सफलता के लिए प्रार्थना कर रहा है और कल के मुकाबले में भी आपके साथ खड़ा रहेगा। आप बिना किसी दबाव के अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करें। आपकी खेल भावना हर किसी को प्रेरित करती है।
सेमीफाइनल में भाविना ने चीन की मियाओ झैंग (Miao Jhang) को 7-11, 11-7, 11-4, 9-11, 11-8 से हरा कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मैच कल यानि 29 अगस्त को खेला जायेगा। अब यह तो तय है कि भाविना को स्वर्ण पदक या रजत पदक मिलेगा, लेकिन यह तो कल ही तय होगा कि इनमें से कौन सा पदक भाविना अपने नाम करती हैं।
क्वार्टरफाइनल में सर्बिया की बोरिस्लावा रैंकोविक (Borislava Rankovic) को 11-5, 11-6, 11-7 से हरा कर भाविना सेमीफाइनल में पहुँची थीं।
इससे पहले राउंड 16 के मैच में भाविना ने ब्राजील की जॉयस डे ओलिविरा को हरा कर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया था।
भाविना ने अहमदाबाद स्थित ब्लाइंड पीपुल्स एसोसिएशन में प्रशिक्षक ललन दोषी की देख-रेख में प्रशिक्षण लिया है। भाविना इस समय अपने वर्ग में दुनिया में 8वें स्थान पर हैं। वह सरदार पटेल पुरस्कार और एकलव्य पुरस्कार प्राप्त कर चुकी हैं और एशियाई खेलों में पदक विजेता रही हैं। (लेडीज न्यूज टीम, 28 अगस्त 2021)
(भाविना पटेल का चित्र https://pib.gov.in/ से साभार)
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad