अनुप्रिया पटेल को वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय, अन्नपूर्णा देवी को शिक्षा

Colours of Life

बुधवार को कुछ चेहरे हटाने और कुछ नये लोगों को मौका देने के बाद अब नरेंद्र मोदी मंत्रिपरिषद में महिलाओं की कुल संख्या 11 हो गयी है। साल 2014 में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल सँभालने से अब तक उनके मंत्रिपरिषद में महिलाओं की यह सबसे बड़ी संख्या है। इनमें से दो महिलाएँ कैबिनेट मंत्री का पद सुशोभित कर रही हैं, जबकि नौ महिलाओं को राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है। विभागों के फेरबदल और नये विभागों के आवंटन के बाद अब इन महिलाओं के पास ये जिम्मेदारियाँ हैं।

दो कैबिनेट मंत्री

निर्मला सीतारमण के पास वित्त और कॉरपोरेट मामलों की जिम्मेदारी है। स्मृति ईरानी के पास महिला और बाल विकास मंत्रालय है। साथ ही उनको स्वच्छ भारत मिशन का जिम्मा दिया गया है।

नौ राज्य मंत्री

अपना दल की नेता और मिर्जापुर से लोक सभा सांसद अनुप्रिया पटेल को वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय में उत्तरदायित्व दिया गया है। मीनाक्षी लेखी को विदेश और संस्कृति मामलों की जिम्मेदारी देखनी होगी। साध्वी निरंजन ज्योति के पास ग्रामीण विकास, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग का जिम्मा है। रेणुका सिंह के पास जनजाति कल्याण मंत्रालय की जिम्मेदारी है। शोभा करंदलाजे को कृषि एवं किसान कल्याण मामले देखने होंगे। दर्शना विक्रम जारदोश को कपड़ा और रेल मंत्रालय में राज्य मंत्री का काम दिया गया है। अन्नपूर्णा देवी को शिक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है। सुश्री प्रतिमा भौमिक को सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गयी है। भारती प्रवीण पवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में उत्तरदायित्व दिया गया है। (लेडीज न्यूज टीम, 08 जुलाई 2021)

(आवरण चित्र अनुप्रिया पटेल के ट्विटर खाते से साभार)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *