सुषमा स्वराज को मरणोपरांत पद्म विभूषण, पीवी सिंधु को पद्म भूषण

Colours of Life

राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्‍द ने वर्ष 2020 के लिए विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को पद्म पुरस्कार प्रदान किये।

महिलाओं की बात करें तो सुषमा स्वराज को साल 2020 के लिए मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। उनके स्थान पर उनकी बेटी बाँसुरी स्वराज ने पुरस्कार ग्रहण किया। उसके बाद ट्विटर पर बाँसुरी ने लिखा, माँ आजीवन जन सेवा और लोक कल्याण में समर्पित थीं। आज महामहिम राष्ट्रपति #RamNathKovind जी ने उनकी तपस्या को #PadmaVibhushan से सम्मानित किया। मैं माननीय राष्ट्रपति @rashtrapatibhvn जी, आदरणीय प्रधानमंत्री @narendramodi जी, आदरणीय @AmitShah जी और भारत की जनता की अत्यंत आभारी हूँ।

छह बार की विश्व चैंपियन मुक्केबाज एमसी मेरी कॉम (MC Mary Kom) को भी साल 2020 के लिए पद्म विभूषण का पुरस्कार दिया गया। हालाँकि टोकियो ओलम्पिक्स में वह अपना प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबला हार गयी थीं, लेकिन अड़तीस साल की इस उम्र में जिस तरह से मेरी कॉम ने इस मैच में संघर्ष का जज्बा दिखाया, वह काबिलेतारीफ रहा। मेरी कॉम ने साल 2012 के ओलम्पिक खेलों में कांस्य पदक जीता था।

धुरंधर बॉक्सर मेरी कॉम को इससे पहले अर्जुन पुरस्कार, राजीव गाँधी खेल रत्न पुरस्कार, पद्म श्री और पद्म भूषण से सम्मानित किया जा चुका था। मेरी कॉम को मनप्रीत सिंह के साथ टोकियो ओलम्पिक्स 2020 के उद्घाटन समारोह में भारतीय दल के ध्वजवाहक की जिम्मेदारी दी गयी थी।

बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को साल 2020 के लिए पद्म भूषण पुरस्कार दिया गया। पीवी सिंधु ने टोकियो ओलम्पिक खेलों में बैडमिंटन महिला एकल स्पर्द्धा में कांस्य पदक (Bronze Medal) जीता था। इस तरह लगातार दो ओलम्पिक खेलों में पदक हासिल करने वाली वह पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गयी थीं। याद रहे कि साल 2016 के रियो ओलम्पिक खेलों में पीवी सिंधु को रजत पदक (Silver Medal) मिला था।

पद्म श्री पाने वाली महिलाओं में फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत, हॉकी खिलाड़ी रानी रामपाल के अलावा, एयरमार्शल डॉ. पद्मा बंदोपाध्याय, इंदिरा बोरा, उषा चौमार, बेमबेम देवी आदि शामिल हैं। (08 नवंबर 2021)

(आवरण चित्र बाँसुरी स्वराज के ट्विटर खाते से साभार)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *