विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में पदक जीतने पर प्रधानमंत्री ने अंशू मलिक और सरिता मोर को दी बधाई

Colours of Life

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2021 में रजत पदक जीतने पर अंशू मलिक को और कांस्य पदक जीतने पर सरिता मोर को बधाई दी है।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया- ‘विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2021 में रजत पदक जीतने पर @OLyAnshu को और कांस्य पदक जीतने पर @saritamor3 को बधाई। इन उत्कृष्ट एथलीटों को उनके भावी प्रयासों एवं कामयाबी के लिए शुभकामनाएँ।’

नॉर्वे के ओस्लो में चल रही विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में सरिता मोर (Sarita Mor) ने 59 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीत लिया। स्वीडन की पहलवान जोहाना लिंडबोर्ग को हरा कर सरिता ने यह पदक हासिल किया। इस जीत के साथ सरिता विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली छठीं भारतीय महिला बन गयीं।

इससे पहले इसी प्रतियोगिता में 57 किलोग्राम वर्ग में अंशू मलिक (Anshu Malik) ने रजत पदक जीता था। फाइनल मुकाबले में अंशू को अमेरिका की पहलवान हेलेन लूसी मारौली (Helen Lousie Marouli) से हार का सामना करना पड़ा। लेकिन इस हार के बावजूद अंशू ने इतिहास रच दिया।

अंशू मलिक

साल 2012 में गीता फोगाट और बबीता फोगाट ने, साल 2018 में पूजा ढांडा ने और साल 2019 में विनेश फोगाट ने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीते थे। इस तरह विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली अंशू पाँचवीं भारतीय महिला पहलवान बन गयी थीं। आज तक कोई भी भारतीय महिला पहलवान विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक नहीं जीत सकी थी, लेकिन अंशू ने ऐसा कर दिखाया।

टोकियो में हुए ओलम्पिक खेलों में फ्रीस्टाइल 57 किलोग्राम वर्ग में खेलते हुए अंशू मलिक को बेलारूस की इरिना कुराचकिना से 1/8 फाइनल इवेंट में 8-2 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।

लेकिन महज 20 साल की उम्र में अंशू ने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में जिस तरह का प्रदर्शन किया है, वह इस बात का संकेत देता है कि भारतीय महिला कुश्ती का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। (लेडीज न्यूज टीम, 11 अक्टूबर 2021)

(सभी चित्र साई मीडिया के ट्विटर खाते से साभार)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *