आज से शुरू हो रही है वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर 20 चैंपियनशिप, कई इवेंट में भाग ले रही हैं भारतीय लड़कियाँ

Colours of Life

वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर 20 चैंपियनशिप 2021 (World Athletics U20 Championship 2021) आज यानि 18 अगस्त से केन्या की राजधानी नैरोबी (Nairobi) में आरंभ हो रही है। वैसे तो यह प्रतियोगिता साल 2020 में ही आयोजित होनी थी, लेकिन कोरोना के कारण इसे टाल दिया गया था।

अब यह प्रतियोगिता एक दिन देरी से यानि आज से शुरू हो रही है। वैसे इसका आरंभ 17 अगस्त से होना था। प्रतियोगिता 22 अगस्त तक चलेगी।

वैसे तो भारत की ओर से 100 मीटर बाधा दौड़, 10000 मीटर रेस वॉक, 5000 मीटर दौड़, चार गुणा चार सौ मीटर रिले दौड़ जैसे कई इवेन्ट में लड़कियाँ भाग ले रही हैं, लेकिन शैली सिंह (Shaili Singh) से मेडल की खास उम्मीदें हैं। लंबी कूद की खिलाड़ी शैली सिंह उत्तर प्रदेश के झाँसी की रहने वाली हैं। भारत की लंबी कूद की जानी-मानी खिलाड़ी और अब एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की वाइस प्रेसिडेंट अंजू बॉबी जार्ज (Anju Bobby George) ने उम्मीद जतायी है कि शैली सिंह की ओर से इस प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन देखने को मिल सकता है। गौरतलब है कि अंजू के पति बॉबी जार्ज (Bobby George) ने शैली सिंह को प्रशिक्षित किया है।

सात जनवरी 2004 को जन्मी शैली सिंह का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6.48 मीटर है, जो भारत में महिलाओं की लंबी कूद में अंडर 20 के स्तर पर राष्ट्रीय रिकॉर्ड है। यदि शैली अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन जैसा खेल दिखा पाती हैं, तो निश्चय ही भारत को इस प्रतियोगिता में पदक मिल सकता है।

पिछली बार की बात करें तो साल 2018 के वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर 20 चैंपियनशिप्स में, जो फिनलैंड में आयोजित हुआ था, हिमा दास (Hima Das) ने 400 मीटर की दौड़ में गोल्ड मेडल जीता था। (लेडीज न्यूज टीम, 18 अगस्त 2021)

(आवरण चित्र केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू के ट्विटर से साभार)